कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सप्ताह दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के सूत्रों ने यह जानकारी दी। भाजपा के सूत्रों के अनुसार, शाह के कार्यक्रम में बेलूर मठ और कोलकाता के ऐतिहासिक शोभाबाजार राजबाड़ी सहित कुछ प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा शामिल है।
शाह 17 अक्टूबर को रात करीब आठ बजकर 10 मिनट पर अहमदाबाद से कोलकाता पहुंचेंगे। वह अलीपुर स्थित सौजन्य अतिथि गृह जाएंगे, जहां रात में ठहरेंगे। अगले दिन 18 अक्टूबर को शाह बेलूर मठ जाएंगे, जो रामकृष्ण मठ और मिशन का मुख्यालय है। वहां वह करीब 30 मिनट बिताएंगे और मठ में विशेष रूप से मनाई जाने वाली दुर्गा पूजा में शामिल होंगे। बेलूर मठ में दुर्गा पूजा का आयोजन गहरी आध्यात्मिक श्रद्धा के साथ किया जाता है। यहां मानव रूप में ईश्वर की पूजा पर जोर दिया जाता है। इस परंपरा की शुरुआत 20वीं सदी की शुरुआत में स्वामी विवेकानंद ने की थी। बेलूर मठ से केंद्रीय गृह मंत्री के बाली इलाके में स्थित देशबंधु क्लब जाने की संभावना है, जहां वह दुर्गा पूजा पंडाल का दौरा करेंगे। इसके बाद वह ‘‘सौजन्य’’ अतिथि गृह लौटेंगे।
सूत्रों के अनुसार, उनके कार्यक्रम में चेतला की 24 पल्ली दुर्गा पूजा और उत्तर कोलकाता के ऐतिहासिक शोभाबाजार राजबाड़ी में होने वाले पारंपरिक दुर्गा पूजा समारोह में शामिल होना भी है। शोभाबाजार राजबाड़ी शहर के पुराने कुलीन परिवारों में से एक है और यहां लंबे समय से दुर्गा पूजा की परंपरा चली आ रही है। शाह के शोभाबाजार राजबाड़ी में कुछ समय बिताने, पूजा की रस्में देखने और आरती में शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद वह श्रीभूमि पूजा पंडाल जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि वह उसी दिन बाद में कोलकाता हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यह दौरा पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में पहली दुर्गा पूजा के दौरान हो रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महालया के अवसर पर ईडन गार्डन्स में भव्य आयोजन के साथ उत्सव की शुरुआत की थी।