टॉप न्यूज़

बलिया में पेट्रोल न मिलने से बीच रास्ते में रुकी एंबुलेंस, मरीज की मौत

आपात स्थिति में भी पेट्रोल पंप ने किया इनकार, प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई

Ballia के बैरिया क्षेत्र में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां पेट्रोल न मिलने के कारण बीच रास्ते में एंबुलेंस रुक जाने से एक मरीज की मौत हो गई।

घटना पांडेपुर गांव निवासी 50 वर्षीय छट्ठू शर्मा के साथ हुई, जिनकी बुधवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें एक निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के कारण एंबुलेंस बंद हो गई।

परिजनों के अनुसार, उन्होंने टेंगरही गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल देने की गुहार लगाई, लेकिन पंप संचालक ने पेट्रोल न होने की बात कहकर मना कर दिया। आरोप है कि समय पर पेट्रोल न मिलने के कारण मरीज को अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्र ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आपात स्थिति में एंबुलेंस को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल उपलब्ध कराया जाना चाहिए था।

प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। बैरिया के उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी और सहायक खाद्य अधिकारी की एक तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT