सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : जिले के चांपदानी विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के दौरान एक दिव्यांग काउंटिंग एजेंट के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। यह घटना श्रीरामपुर कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र की बताई जा रही है, जहां सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रवेश को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम घोष के काउंटिंग एजेंट एमडी शाकिर, जो दिव्यांग हैं और बैसाखी के सहारे चलते हैं, मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपना पहचान पत्र दिखाकर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि बहस के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने कथित रूप से एमडी शाकिर की पीठ पर थप्पड़ मार दिया। एजेंट ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा, “जो करना है कर लो।” इस घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे अनुचित और अपमानजनक बताया है। उनका कहना है कि एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मतगणना केंद्र पर सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इस मामले ने सुरक्षा व्यवस्था और व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।