सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

शांतिपुर में विधवा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के शांतिपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका, जिन्होंने महज दो महीने पहले अपने पति को खोया था, उनके साथ उनके ससुराल में ही सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि उसके जेठ ने संपत्ति विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाकर दो पड़ोसियों के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

समझौते के नाम पर बिछाया गया जाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षिका के पति की मृत्यु इसी वर्ष जनवरी में हुई थी, जिसके तुरंत बाद ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया था। पीड़िता ने अपने हक के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी की थी। आरोप है कि इसकी भनक मिलते ही 28 फरवरी को उनकी बड़ी जेठानी ने फोन कर उन्हें समझौते के लिए बुलाया। जैसे ही शिक्षिका घर के अंदर दाखिल हुईं, जेठ ने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और पीछे के रास्ते से दो स्थानीय 'रसूखदार' व्यक्तियों को कमरे में दाखिल कराया। इसके बाद तीनों ने मिलकर महिला के साथ दरिंदगी की।

राजनीतिक घमासान तेज

घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव है। 2 मार्च को शांतिपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है। मामले पर राजनीति भी गरमा गई है। तृणमूल कांग्रेस के नदिया संगठनात्मक जिला अध्यक्ष देबाशीष गंगोपाध्याय ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, भाजपा की जिला सभानेत्री अपर्णा नंदी ने कहा कि कानून अपना काम करे, लेकिन यह भी देखा जाना चाहिए कि राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किसी को फंसाया तो नहीं जा रहा। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

SCROLL FOR NEXT