सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

बारासात : पंचायत सदस्य के घर के सामने बमबाजी का आरोप, छानबीन में जुटी पुलिस

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : राज्य में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही उत्तर 24 परगना के विभिन्न इलाकों में तनाव का माहौल बनने लगा है। ताजा मामला दत्तपुकुर का है, जहाँ 1 नंबर पंचायत समिति की सदस्य व तृणमूल नेत्री दीपा दास अधिकारी के घर के सामने शुक्रवार की देर रात बमबाजी होने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

नेत्री का आरोप: दहशत में परिजन

दीपा दास अधिकारी के पति संजय दास कांग्रेस ट्रेड यूनियन के दत्तपुकुर-1 नंबर ब्लॉक के अध्यक्ष हैं। नेत्री का आरोप है कि शुक्रवार की देर रात अचानक उनके घर के सामने एक के बाद एक कई बम फेंके गए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और घर के सदस्य आतंकित हो उठे। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने को दी गई, जिसके बाद दत्तपुकुर थाने की पुलिस मौके पर पहुँची।

पुलिस को नहीं मिले सबूत

हैरानी की बात यह है कि जहाँ स्थानीय लोगों और नेत्री ने बमबाजी का दावा किया है, वहीं पुलिस की जांच में स्थिति कुछ और ही नजर आई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने पूरी जगह की तलाशी ली, लेकिन पुलिस के अनुसार घटनास्थल से बम का कोई अवशेष या विस्फोट के प्रमाण नहीं मिले हैं। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अभी तक किसी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही बशीरहाट में एक अन्य तृणमूल पार्षद के घर पर भी बमबाजी की घटना हुई थी, जिसे कई लोगों ने सत्ताधारी दल के अंदरूनी कलह का परिणाम बताया था। फिलहाल पुलिस इलाके में नजर रखे हुए है।

SCROLL FOR NEXT