निधि, सन्मार्ग संवाददाता
जगदल: जगदल इलाके में सोमवार दोपहर उस समय भारी तनाव फैल गया, जब भाटपाड़ा नगर पालिका के 35 नंबर वार्ड के निवासी और भाजपा कार्यकर्ता राजू साव के घर पर कथित तौर पर हमला किया गया। भाजपा का आरोप है कि राजू ने पार्टी की 'परिवर्तन यात्रा' में हिस्सा लिया था, इसी रंजिश में तृणमूल आश्रित उपद्रवियों ने उनके घर में तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। हालांकि मामले में बैरकपुर कमिश्नरेट के डीसी नार्थ आसीम खान ने कहा कि गोलियां चलने के कोई प्रमाण हमें नहीं मिले हैं, घटना की जांच की जा रही है।
तृणमूल पर लगाया गया आरोप
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के बैरकपुर संगठनात्मक जिला उपाध्यक्ष और युवा नेता प्रियांगु पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेताओं के संरक्षण में यह हमला हुआ है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। पांडेय ने कहा, "निर्वाचन आयोग को इस गुंडागर्दी का संज्ञान लेना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने के लिए खुलेआम फायरिंग की जा रही है।" उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेताओं की सह पर यह हमला किया गया है।
तृणमूल ने आरोपों को नकारा
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। 35 नंबर वार्ड के पार्षद तापस राय ने कहा कि इस घटना से तृणमूल का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यह पूरी तरह से भाजपा का आंतरिक विवाद है और सहानुभूति बटोरने के लिए इसे 'सजाया गया' है। राय के मुताबिक, वहां कोई गोलीबारी नहीं हुई है। फिलहाल भाटपाड़ा थाने की पुलिस इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी है।