टॉप न्यूज़

अल फलाह के अध्यक्ष की 39 करोड़ की संपत्ति कुर्क, ईडी की बड़ी कार्रवाई

जामिया नगर का घर, फरीदाबाद की जमीन और बैंक खाते जब्त; धनशोधन जांच से जुड़ा मामला

नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अल फलाह समूह के अध्यक्ष जवाद अहमद सिद्दीकी के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत 39 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ईडी ने धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अस्थायी कुर्की आदेश जारी कर दिल्ली के जामिया नगर स्थित एक घर, फरीदाबाद के धौज इलाके में खेती की जमीन और कई बैंक खातों में जमा राशि पर रोक लगा दी है। इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब 39.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, 61 वर्षीय सिद्दीकी फिलहाल जेल में बंद हैं और यह कार्रवाई उनके शिक्षण संस्थानों के छात्रों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में की गई है।

फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी पहले दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में 10 नवंबर 2025 को हुए विस्फोट से जुड़े एक सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान जांच एजेंसियों के रडार पर आई थी। इस विस्फोट में 15 लोगों की मौत हुई थी।

ईडी ने इससे पहले भी यूनिवर्सिटी की करीब 140 करोड़ रुपये की जमीन और इमारत कुर्क की थी।

SCROLL FOR NEXT