निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: बाली के बीरेश्वर चटर्जी स्ट्रीट स्थित हप्ता बाजार इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे सार्वजनिक नल से पानी भर रहे लोगों पर अचानक किसी अज्ञात सिरफिरे ने एयरगन (पाखी मारा बंदूक) से छर्रे चला दिए। इस अचानक हुए हमले में तीन स्थानीय निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय स्थानीय लोग नल पर पानी लेने के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने छिपकर उन्हें निशाना बनाते हुए एयरगन से गोलियां चला दीं। छर्रे लगते ही वहां मौजूद लोगों के शरीर और सिर से खून बहने लगा। बताया जा रहा है कि इनमें से दो लोगों के सिर में और एक व्यक्ति के कमर में छर्रे लगे हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस ताकि अभियुक्त की हो पहचान
अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बाली थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस घायलों को उपचार के लिए ले जाने के साथ ही मामले की बारीकी से जांच कर रही है। अज्ञात हमलावर ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया और इसके पीछे की असली वजह क्या है, यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस आसपास के इलाकों और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश में जुट गई है।