टॉप न्यूज़

Air India के विमान को मिली बम से उड़ाने की धमकी

थाईलैंड में प्लेन ने की इमरजेंसी लैंडिंग

फुकेत - थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को शुक्रवार को बम की धमकी मिलने के बाद आपात स्थिति में लैंड कराना पड़ा। एक अधिकारी ने रॉयटर्स को जानकारी दी कि फ्लाइट AI-379 को सुरक्षित तरीके से लैंड करा लिया गया। इस विमान में कुल 156 यात्री सवार थे। फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, यह विमान सुबह 9:30 बजे (0230 GMT) फुकेट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के बाद अंडमान सागर के आसपास चक्कर लगाते हुए वापस फुकेट लौट आया। इससे पहले एक अन्य घटना में, मुंबई से लंदन जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के तीन घंटे बाद वापस मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। पीटीआई ने फ्लाइटरडार24 के डेटा के हवाले से बताया कि यह विमान सुबह 5:39 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ईरान की स्थिति और वहां के हवाई क्षेत्र के बंद होने के चलते कई फ्लाइट्स का रूट बदला जा रहा है या उन्हें उनके मूल एयरपोर्ट पर लौटाया जा रहा है।

विमान हादसे में 265 लोगों की मौत  

गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट भीषण हादसे का शिकार हो गई। टेक-ऑफ के चंद सेकंड बाद ही विमान बी.जे. अस्पताल के हॉस्टल से टकरा गया। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। इसके अलावा हॉस्टल में मौजूद कई लोगों की भी जान गई। अब तक की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कुल 265 लोगों की मौत हुई है।

SCROLL FOR NEXT