एयर इंडिया ने माल्टा की राष्ट्रीय विमानन कंपनी KM माल्टा एयरलाइंस के साथ अपनी साझेदारी को इंटरलाइन समझौते से बढ़ाकर कोडशेयर समझौते में बदल दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को दोनों एयरलाइंस की उड़ानों को एक ही यात्रा कार्यक्रम में जोड़कर सफर करने की सुविधा मिलेगी।
एयर इंडिया ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि 1 दिसंबर से वह KM माल्टा एयरलाइंस द्वारा संचालित उन उड़ानों पर अपना ‘AI’ कोड लगाएगी, जो माल्टा को यूरोप के छह प्रमुख शहरों से जोड़ती हैं। इनमें एम्स्टर्डम, पेरिस, रोम, ज्यूरिख, लंदन गैटविक और लंदन हीथ्रो शामिल हैं।
कोडशेयर समझौते के तहत यात्री दोनों एयरलाइंस की ओर से संचालित उड़ानों को एक ही टिकट और यात्रा कार्यक्रम के जरिए बुक कर सकेंगे। इससे कनेक्टिंग फ्लाइट के साथ यात्रा करना अधिक सुविधाजनक होगा।
KM माल्टा एयरलाइंस के कार्यकारी अध्यक्ष डेविड क्यूर्मी ने कहा कि भारत माल्टा के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। दोनों देशों के बीच पर्यटन और कारोबारी यात्राओं को बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं हैं।
वहीं, एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा कि यह समझौता एयरलाइन की बढ़ती साझेदारियों को और मजबूत करेगा। इससे एयर इंडिया की वैश्विक पहुंच का विस्तार होगा और यात्रियों को यूरोप के अधिक गंतव्यों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।