नई दिल्ली : चंडीगढ़ से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के एक विमान के एक यात्री ने लैंडिंग के वक्त खिड़की का शीशा तोड़ दिया। घटना रविवार की है और उस यात्री को लैंडिंग के तुरंत बाद ग्राउंड स्टाफ और सिक्योरिटी को सौंप दिया गया। घटना तब हुई जब फ्लाइट नंबर AI1879 दिल्ली एयर पोर्ट पर लैंड होने वाला था। बाद में पूछताछ के दौरान उस यात्री के माता-पिता ने बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य की दिक्कतें झेल रहा है।
एअर इंडिया के विमान में खिड़की का शीशा तोड़ने वाले पैसेंजर की जांच के बाद आगे की कार्रवाई चल रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने कहा है कि इस मामले में एयरलाइन की इंटर्नल कमेट यह फैसला करेगी कि क्या उस पैसेंजर को 'अनरूली' पैसेंजर घोषित करते हुए 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डाल दिया जाए?
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 'ग्राउंड स्टाफ को सूचना दे दी गई थी और दिल्ली में विमान के लैंड होने के बाद उसे एयरपोर्ट स्टाफ और सिक्योरिटी के लोगों के हवाले कर दिया गया।'
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने भी इस घटना की पुष्टि की है। प्रवक्ता के अनुसार, 'फ्लाइट AI1879 7 जून को चंडीगढ़ से दिल्ली की उड़ान पर था और बदतमीज यात्री की ओर से घटना को अंजाम देने के बाद दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर गया। कॉकपिट क्रू ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसेड्योर का पालन किया और पैसेंजर को चेतावनी देने के बाद दिल्ली एयर पोर्ट पर सिक्योरिटी टीम को मामले की जानकारी दे दी गई। उड़ान के दौरान पैसेंजर, क्रू और विमान की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया गया।'