निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान और योग दिवस कार्यक्रम के दौरान राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानसून की शुरुआत से पहले हावड़ा शहर के सभी छोटे-बड़े नालों और नहरों (कैनॉल) की पूरी तरह से सफाई की जाएगी। जलभराव के अलावा बारिश के मौसम में बिजली के खंभों से करंट लगने की घटनाओं को रोकने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मंत्री ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि मानसून से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मेयर, पुरप्रधान और पार्षद अपनी जिम्मेदारियों से भागते हुए इस्तीफे दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार को असहज और बदनाम करने की साजिश रच रहा है, लेकिन प्रशासन हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक अपडेट देते हुए एलान किया कि आगामी दुर्गा पूजा के तुरंत बाद हावड़ा नगर निगम के चुनावों की तैयारियां आधिकारिक रूप से शुरू कर दी जाएंगी।
इस विशेष आयोजन में शहरी विकास विभाग के राज्य मंत्री उमेश राय, शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष, बाली के विधायक संजय सिंह, हावड़ा की जिला मजिस्ट्रेट (DM) पी. दीपाप प्रिया और हावड़ा नगर निगम के कमिश्नर तेजस्वी राणा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम के सफाईकर्मियों और स्थानीय स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर योग सत्र में भाग लिया।