प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय बंगाल दौरे के दूसरे दिन बुधवार को कोलकाता स्थित ऐतिहासिक दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मां काली के दर्शन के बाद उन्होंने राज्य और देश के कल्याण की कामना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “आज मां काली के दरबार में दर्शन-पूजन का सौभाग्य मिला है। मां हम सभी को आशीर्वाद दें।” उन्होंने बताया कि उन्होंने मां से ‘सोनार बांग्ला’ और ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ के निर्माण का आशीर्वाद मांगा है।
सांस्कृतिक विरासत पर जोर, वर्तमान हालात पर चिंता
नितिन नवीन ने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल ने भारतीय संस्कृति को एक सूत्र में बांधने का काम किया है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में कुछ ऐसे तत्व सक्रिय हो रहे हैं जो इस विरासत को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज स्थिति ऐसी बन गई है कि एक ओर नमाज पढ़ने की अनुमति मिलती है, जबकि पूजा-पंडाल लगाने के लिए अदालत की अनुमति लेनी पड़ती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। अपने दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने राज्य चुनाव प्रबंधन टीम के साथ-साथ महिला, युवा, एनजीओ, क्लब, धार्मिक, एससी, एसटी और ओबीसी मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ कई उच्चस्तरीय संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और चुनावी रणनीति को धार देने पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दिया जीत का मंत्र
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भाजपा का चुनाव चिह्न ‘कमल’ विकास, सुरक्षा और जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने “विकसित पश्चिम बंगाल” के निर्माण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई और संगठन में एकता, अनुशासन तथा सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एक उम्मीदवार की तरह कार्य करता है और यही एकजुटता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। “राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय, स्वयं अंतिम” के सिद्धांत को दोहराते हुए उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रेरणा लेने की बात कही और मजबूत बूथ को चुनावी विजय की कुंजी बताया।
‘बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार’
नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है और भय, भ्रष्टाचार एवं अस्थिरता से मुक्त भविष्य की ओर बढ़ना चाहती है। उन्होंने सुशासन, विकास, महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी के दृष्टिकोण और घोषणापत्र को जन-जन तक पहुंचाएं तथा पूरी निष्ठा के साथ काम करते हुए आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करें।