सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

दिल्ली में छिपा अफगान नागरिक बॉर्डर पार करते समय गिरफ्तार

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक अफगान नागरिक को धर दबोचा है। यह व्यक्ति अवैध रूप से भारत में दाखिल होकर काफी समय से दिल्ली में छिपा हुआ था और अब गुप्त रूप से बांग्लादेश भागने की फिराक में था।

दत्तापुलिया सीमा पर पकड़ा गया आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को नदिया जिले के धानतला थाना अंतर्गत दत्तापुलिया सीमा पर तैनात BSF जवानों ने एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखी। वह छिपकर सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अफगानिस्तान का नागरिक है। BSF ने उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धानतला थाना पुलिस को सौंप दिया है।

दिल्ली में बना रखा था ठिकाना

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह काफी समय से दिल्ली में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस ने उसे राणाघाट कोर्ट में पेश किया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि वह अवैध रूप से भारत में कैसे दाखिल हुआ और दिल्ली में इतने दिनों तक उसे किसका संरक्षण प्राप्त था।

चुनाव से पहले सुरक्षा पर सवाल

पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे संवेदनशील समय में एक के बाद एक दो अफगान नागरिकों का पकड़े जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। कुछ दिन पहले ही एक अन्य अफगान नागरिक को भी इसी तरह सीमावर्ती इलाके से पकड़ा गया था।

बड़े गिरोह की आशंका

पुलिस और खुफिया विभाग अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटे हैं कि इन विदेशी नागरिकों का असल मकसद क्या है। क्या इनके पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह काम कर रहा है जो अवैध घुसपैठ और पलायन में मदद करता है? फिलहाल इलाके में सुरक्षा और चौकसी बढ़ा दी गई है।

SCROLL FOR NEXT