सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : एडीटीओआई अंडमान चैप्टर के 20 से अधिक सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने 13 एवं 14 फरवरी 2026 को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित एडीटीओआई नेशनल ट्रैवल मार्ट में भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चैप्टर चेयरमैन मोहन विनोद ने किया। दो दिवसीय बी2बी ट्रैवल मार्ट में देशभर से 500 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिसने नेटवर्किंग और घरेलू पर्यटन साझेदारियों को सुदृढ़ करने का मजबूत मंच प्रदान किया।
मोहन विनोद ने आंध्र प्रदेश सरकार को इस बड़े आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए एडीटीओआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद खन्ना तथा आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अंडमान की पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय मंचों में भागीदारी “ब्रांड अंडमान” को भारतीय बाजारों में बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही उन्होंने अंडमान से आंध्र प्रदेश पर्यटन को भी प्रोत्साहित करने का आश्वासन दिया और पारस्परिक विकास तथा अंतर्राज्यीय पर्यटन सहयोग के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन आंध्र प्रदेश सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं सिनेमैटोग्राफी मंत्री कंदुला दुर्गेश गरु ने आंध्र प्रदेश पर्यटन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।