टॉप न्यूज़

1 लाख करोड़ से अधिक का निवेश करेगा अदाणी समूह

न्यू टाउन में 2,000 बेड का अदाणी आरोग्य मंदिर का शिलान्यास

sabita

सबिता सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल के लिए अदाणी समूह ने बड़ा कदम उठाया है। पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर निवेश का ऐलान करते हुए अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को न्यू टाउन में अदाणी आरोग्य मंदिर के शिलान्यास समारोह में कहा कि 2035 तक राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की योजना है। यह निवेश बंदरगाह, माल परिवहन, बिजली उत्पादन और वितरण, सड़क, पुल, सीमेंट कारखानों और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाएगा। इस योजना के लागू होने पर पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास होने के साथ-साथ उद्योगीकरण और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिल सकती है।

अदाणी आरोग्य मंदिर की मुख्य बातें

इस दिन न्यू टाउन में सीएम शुभेंदु अधिकारी और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी की गरिमामयी उपस्थिति में अदाणी आरोग्य मंदिर अस्पताल की आधारशिला रखी गयी। करीब 4,000 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार होने जा रहे इस अस्पताल में करीब 10,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह 2,000 बेड वाला गैर-लाभकारी चिकित्सा संस्थान होगा। इसमें 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए निर्धारित होगा। गौतम अदाणी ने बताया कि कोलकाता के अदाणी आरोग्य मंदिर में पूरा का पूरा हेल्थकेयर इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा।

राइटर्स बिल्डिंग से कुम्हारटोली घाट तक संरक्षण पहल

औद्योगिक और स्वास्थ्य परियोजनाओं के अलावा अदाणी समूह ने ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के संरक्षण, कुम्हारटोली घाट के पुनर्जीवन और कोलकाता की दुर्गा पूजा की कला को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने वाली पहलों को समर्थन देने की प्रतिबद्धता भी जताई है। गौतम अदाणी ने कहा कि बंगाल की भौगोलिक स्थिति उसे भारत के औद्योगिक क्षेत्रों, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के बीच एक महत्वपूर्ण समुद्री और लॉजिस्टिक्स केंद्र बनने का अवसर देती है। समूह का मानना है कि बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स के विस्तार से उद्योग और विनिर्माण को बढ़ावा मिल सकता है।

कोलकाता को नमन, मां काली से की प्रार्थना

गौतम अदाणी ने अपने वक्तव्य की शुरुआत बांग्ला भाषा में कोलकाता को मेरा नमन, बंगाल की इस पावन धरती को मेरा सादर प्रणाम से की। उन्होंने कहा कि आज यहां खड़ा होना मेरे लिए सम्मान की बात है ऐसी भूमि पर, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वास्थ्य, आशा और मानवीय गरिमा की एक महत्वपूर्ण संस्था का केंद्र बनने जा रही है। यहां उपस्थित होने के लिए मैं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि आज सुबह मैं कालीघाट गया और मां से प्रार्थना की—शक्ति के लिए यानी साहस के साथ नेतृत्व करने की ताकत, इच्छाशक्ति के लिए, यानी बड़े सपने देखने का संकल्प और क्रियाशक्ति के लिए, यानी निर्भीकता के साथ उन सपनों को साकार करने की ऊर्जा के लिए। वहां से लौटते समय मेरे मन में एक विचार था कि संभावनाओं के महान क्षण बड़ी जिम्मेदारी की मांग करते हैं।

बंगाल के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है : सीएम

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा मई में सीएम का पद संभालने के बाद उन्होंने उद्योगपति से राज्य में निवेश करने का आग्रह किया था और अदाणी समूह ने कुछ ही महीनों में स्वास्थ्य क्षेत्र की इस परियोजना की घोषणा कर इसका जवाब दिया। आज कुछ ही महीनों के भीतर हम इस परियोजना के लिए भूमि पूजन कर रहे हैं। बंगाल के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। यह एक विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं वाला अस्पताल और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र होगा। इससे भविष्य के डॉक्टरों को प्रशिक्षित करने में मदद मिलेगी। पूर्वी तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रों को लाभ होगा।

SCROLL FOR NEXT