सीएम शुभेंदु अधिकारी के साथ सांसद अबू ताहेर खान और खलीलुर रहमान 
टॉप न्यूज़

सीएम शुभेंदु के दरबार में पहुंचे अबू ताहेर-खलीलुर रहमान

SIR पर मांगी राहत, मस्जिदों से माइक हटाने पर भी उठाई आवाज

कोलकाता : भाजपा और एनडीए से दूरी का ऐलान करने के बाद पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अब एनसीपीआई सांसदों की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद बंगाल की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। शनिवार को मुर्शिदाबाद जिला के दो सांसद अबू ताहेर खान और खलीलुर रहमान ने नवान्न में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर एसआईआर से लेकर मस्जिदों से माइक हटाने तक कई मुद्दे उठाए और ज्ञापन भी सौंपा।

बैठक के बाद अबू ताहेर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बताया कि एसआईआर में करीब 27 लाख नाम हटे हैं, लेकिन इनमें सिर्फ 7 लाख लोगों ने आवेदन किया है। उन्होंने बाकी 20 लाख लोगों को आवेदन करने का अतिरिक्त मौका देने की मांग की। ताहेर के मुताबिक ग्रामीण इलाकों के कई लोग दस्तावेजी प्रक्रिया से अनजान हैं।

ऐसे में वैध मतदाताओं को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर मुर्शिदाबाद के करीब 5 लाख लोगों के लिए अदालत जाने की बात कही। खलीलुर ने एसआईआर से प्रभावित सभी 27 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की मांग की।

मस्जिदों से माइक हटाने के मुद्दे पर अबू ताहेर ने कहा कि वे सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को तैयार हैं, लेकिन नमाज के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मुस्लिमों को चुन-चुनकर निशाना बना रही है। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।

एनसीपीआई सांसदों की इस सक्रियता पर कालीघाट समर्थक तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के खिलाफ वोट मांगकर जीते, फिर भाजपा के नेताओं के पास क्यों जाना पड़ रहा है?’’

कल्याण ने व्यंग्य किया, ‘‘कल प्रधानमंत्री के साथ नाश्ता, आज मुख्यमंत्री के साथ लंच। अब डिनर के लिए ट्रंप बाकी हैं!’’ गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक धार्मिक स्थलों से 5,299 माइक हटाए गए हैं। इनमें 4,203 मस्जिदों और 1,096 मंदिरों के माइक शामिल हैं।

SCROLL FOR NEXT