वायु प्रदूषण के कारण छाई घनी धुंध के बीच गुजरते वाहन Karma
टॉप न्यूज़

अबकी बार, AQI 400 पार

दिल्ली की हवा हुई जहरीली

Kamlesh Pandey

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने दिल्ली में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी की हवा जहरीली हो गई है तथा लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने तंज कसते हुए कहा कि ‘अबकी बार, AQI 400 पार’ का नारा प्रदूषण के मामले में सच साबित हो रहा है। रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन चुकी है और जहरीली हवा के कारण बच्चों तथा बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘अबकी बार, AQI 400 पार! प्रवचनमंत्री का नारा AQI के मामले में तो सच साबित हो रहा है।’

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन चुकी है। हवा इतनी जहरीली है कि सांस लेना दूभर हो गया है। बच्चे और बुज़ुर्ग इसकी सबसे बड़ी कीमत चुका रहे हैं। सांसों पर संकट बढ़ रहा है और अस्पतालों में मरीजों की तादाद बढ़ रही है।’ रमेश ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘नारे हवा में उछाले थे, अब हवा ही जहर बन गई है।’

दिल्ली का AQI ‘बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचा, स्थिति और बिगड़ने की आशंका

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह एक बार फिर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति और भी बिगड़ने की आशंका है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 348 दर्ज किया गया जबकि शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत AQI 373 था।

CPCB के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 तक का AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 तक ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। दिल्ली में मौजूद 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से सात केंद्रों पर शनिवार सुबह AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों में AQI और बिगड़ने की आशंका है। कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक और शुक्रवार के मुकाबले 0.2 डिग्री ज्यादा है।


SCROLL FOR NEXT