कोलकाता : विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के लगभग एक महीने बाद तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी फिर से सक्रिय राजनीति में लौट रहे हैं। शनिवार से वे चुनाव बाद हिंसा में ‘मृत’ पार्टी कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
तृणमूल सूत्रों के अनुसार, अभिषेक पहले सोनारपुर दक्षिण और फिर बेलेघाटा विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। वहां वे मृत पार्टी कार्यकर्ताओं संजू कर्मकार और विश्वजीत पटनायक के परिवार से मुलाकात करेंगे।
विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद अभिषेक सार्वजनिक रूप से बहुत कम दिखाई पड़े। हालांकि, कालीघाट में ममता बनर्जी के आवास पर हुई बैठकों में वह मौजूद रहे और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहे। उन्होंने NEET प्रश्नपत्र लीक और CBSE परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला था।
फलता उपचुनाव में प्रचार से दूरी बनाए रखने और वहां तृणमूल के चौथे स्थान पर खिसक जाने के बाद उनके ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ पर सवाल उठने लगे हैं। पार्टी के भीतर भी असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। कई नेताओं ने खुलकर नेतृत्व और आई-पैक की रणनीति पर सवाल उठाए हैं।
बेलेघाटा से विधायक कुणाल घोष ने भी अभिषेक के मैदान में नहीं उतरने पर नाराजगी जतायी थी। ऐसे में शनिवार का यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। साथ ही, सुरक्षा में कटौती के बाद यह पहला मौका होगा जब अभिषेक कालीघाट से बाहर किसी राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ऐसे समय में टीएमसी के ‘सेनापति’ अपने कार्यकर्ताओं को क्या संदेश देते हैं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।