राजगंज से तृणमूल उम्मीदवार स्वपना बर्मन के लिए प्रचार करते तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी  
टॉप न्यूज़

अभिषेक का तृणमूल उम्मीदवारों के लिए दमदार प्रचार

अभिषेक ने PM मोदी को दी ‘श्वेत पत्र’ जारी करने की चुनौती

sabita

सन्मार्ग संवाददाता

शीतलकुची : तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बुधवार राजगंज की तृणमूल उम्मीदवार स्वपना बर्मन सहित कई उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। उन्होंने सभा से वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए दावा किया कि जहां ममता बनर्जी सरकार लोगों को राहत प्रदान कर रही है, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ‘उन्हें चूस रही है।’ तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने बांग्लादेश सीमा के पास शीतलकुची में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि सब्जियों और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने लोगों को गंभीर संकट में डाल दिया है। अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘एक तरफ मोदी जनता को चूस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी उन्हें राहत प्रदान कर रही हैं।’ पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक तेल मूल्यों में उछाल के अनुरूप, वाणिज्यिक एलपीजी की दरों में 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई।

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र द्वारा विभिन्न केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए धनराशि जारी नहीं किये जाने के बावजूद, ममता बनर्जी सरकार आवास, रोजगार गारंटी कार्यक्रमों, सड़कों और जल आपूर्ति परियोजनाओं के लिए अपने संसाधनों का उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, ‘मैंने सुना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच अप्रैल को कूचबिहार आएंगे। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह एक श्वेत पत्र जारी करें जिसमें यह बताया जाए कि क्या जिले से एक भी व्यक्ति को केंद्र की आवास योजना के तहत धनराशि प्राप्त हुई है।’ उन्होंने कहा कि अगर मोदी एक श्वेत पत्र जारी करते हैं जिसमें यह कहा गया हो कि उन्होंने 100 दिन की रोजगार गारंटी योजना के तहत किसी भी लाभार्थी को दस पैसे भी दिए हैं, तो वह राजनीतिक मैदान छोड़ देंगे। उन्होंने शीतलकुची के लोगों से भाजपा को वोट नहीं देने का आह्वान करते हुए कहा कि 2021 में मतदान के दिन केंद्रीय बलों की गोलीबारी में कई लोग मारे गए थे। खबरों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों को शांत करने के बार-बार प्रयास विफल होने के बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने गोलीबारी का सहारा लिया था।

SCROLL FOR NEXT