कूचबिहार के सीतलकुची में चुनावी सभा को संबोधित करते अभिषेक बनर्जी। 
टॉप न्यूज़

अभिषेक बनर्जी का बड़ा हमला, मोदी सरकार निशाने पर

अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि जहां ममता बनर्जी सरकार लोगों को राहत प्रदान कर रही है, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाला केंद्र ‘उन्हें चूस रहा है।’

सीतलकुचीः वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि जहां ममता बनर्जी सरकार लोगों को राहत प्रदान कर रही है, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाला केंद्र ‘उन्हें चूस रहा है।’ तृणमूल सांसद बनर्जी ने बांग्लादेश सीमा के पास सीतलकुची में चुनावी रैली को संबोधित करते आरोप लगाया कि सब्जियों और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने लोगों को गंभीर संकट में डाल दिया है।

बनर्जी ने कहा, ‘‘एक तरफ मोदी जनता को चूस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी उन्हें राहत प्रदान कर रही हैं।’’

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक तेल मूल्यों में उछाल के अनुरूप, वाणिज्यिक एलपीजी की दरों में 195.50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई। तृणमूल नेता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र द्वारा विभिन्न केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए धनराशि जारी नहीं किये जाने के बावजूद, ममता बनर्जी सरकार आवास, रोजगार गारंटी कार्यक्रमों, सड़कों और जल आपूर्ति परियोजनाओं के लिए अपने संसाधनों का उपयोग कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच अप्रैल को कूचबिहार आएंगे। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह एक श्वेत पत्र जारी करें जिसमें यह बताया जाए कि क्या जिले से एक भी व्यक्ति को केंद्र की आवास योजना के तहत धनराशि प्राप्त हुई है।’’ उन्होंने कहा कि अगर मोदी एक श्वेत पत्र जारी करते हैं जिसमें यह कहा गया हो कि उन्होंने 100 दिन की रोजगार गारंटी योजना के तहत किसी भी लाभार्थी को दस पैसे भी दिए हैं, तो वह राजनीतिक मैदान छोड़ देंगे।

उन्होंने सीतलकुची के लोगों से भाजपा को वोट न देने का आह्वान करते हुए कहा कि 2021 में मतदान के दिन केंद्रीय बलों की गोलीबारी में कई लोग मारे गए थे। खबरों के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों को शांत करने के बार-बार प्रयास विफल होने के बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने गोलीबारी का सहारा लिया था।

SCROLL FOR NEXT