रानाघाट में चुनावी सभा को संबोधित करते अभिषेक बनर्जी  
टॉप न्यूज़

‘नागरिकता के नाम पर काट दिए नाम’, मतुआ गढ़ से अभिषेक का भाजपा पर तीखा हमला

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के महासचिव ने नागरिकता और विकास के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

Nidhi Gupta

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले प्रचार का शोर थमने से कुछ घंटे पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सर्वभारतीय साधारण संपादक अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। सोमवार को राणाघाट में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने विशेष रूप से 'मतुआ' समुदाय को संबोधित करते हुए नागरिकता के मुद्दे पर भाजपा की नीयत पर सवाल उठाए।

अभिषेक बनर्जी ने भाजपा के पुराने वादों को याद दिलाते हुए कहा, "2019 में भाजपा ने वादा किया था कि 31 दिसंबर तक मतुआ समुदाय को नागरिकता दे दी जाएगी। आज इतने साल बीत जाने के बाद भी किसी को नागरिकता नहीं मिली।" उन्होंने आगे आरोप लगाया कि नागरिकता देना तो दूर, एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया के कारण कई वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से ही गायब हो गए हैं। स्थानीय सांसद शांतनु ठाकुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

विकास और वादों पर घेरा

अभिषेक ने जनता से पूछा कि राणाघाट में भाजपा के विधायक और सांसद होने के बावजूद वहां क्या विकास हुआ है? उन्होंने दावा किया कि केवल ममता बनर्जी की सरकार ही मतुआ समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ रही है। मतदाताओं को सतर्क करते हुए उन्होंने कहा, "वोट से पहले भाजपा पैसे बांटने की कोशिश करेगी। उनसे पैसे ले लीजिए, लेकिन वोट केवल 'जोड़ा फूल' (TMC) को ही दें।"

आवास योजना का वादा

प्रचार के आखिरी पड़ाव पर अभिषेक ने जनता को भरोसा दिलाया कि अगर टीएमसी के उम्मीदवार जीतते हैं, तो 'बांग्ला आवास योजना' के तहत सभी को पक्का मकान मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने राणाघाट उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और दक्षिण केंद्रों के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT