सांकेतिक तस्वीर 
टॉप न्यूज़

आतंकी आगजनी मामले में आरोपी को हिरासत में लेने का NIA का अनुरोध

‘ब्लॉसम नर्सरी’ में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था

Kamlesh Pandey

कोच्चि : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की एक अदालत ने यहां एर्नाकुलम बाजार में एक यहूदी प्रार्थना स्थल के पास स्थित नर्सरी में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार पुथेनक्रूज निवासी एक व्यक्ति की हिरासत के लिए NIA के अनुरोध पर पेशी वारंट जारी किया है। NIA अदालत के न्यायाधीश पी के मोहनदास ने NIA की याचिका पर शनिवार को पेशी वारंट जारी करते हुए एबिन पॉल को सोमवार को उनके समक्ष पेश करने का निर्देश दिया।

एबिन पॉल फिलहाल त्रिशूर के विय्यूर स्थित उच्च सुरक्षा वाली जेल में बंद है। मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद NIA 32 वर्षीय पॉल को हिरासत में लेकर पहली बार पूछताछ करेगी।

सूत्रों ने बताया कि यह पूछताछ अहम मानी जा रही है क्योंकि त्रिशूर पुलिस ने हाल में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर तमिलनाडु और महाराष्ट्र के दो लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके एबिन पॉल से संबंध होने का संदेह है। अधिकारियों ने बताया कि NIA इस बात की भी जांच कर रही है कि केरलम पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, क्या वे ऑनलाइन आकाओं के कथित निर्देश पर रेकी करने और आतंकवाद से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे?

एबिन पॉल को कोच्चि केंद्रीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले एर्नाकुलम बाजार में कडवुभागम यहूदी उपासनागृह के सामने स्थित ‘ब्लॉसम नर्सरी’ में 12 अक्टूबर को तड़के आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शुरुआत में मामले की जांच करने वाली कोच्चि शहर की पुलिस ने पाया कि पॉल मुवाट्टुपुझा में आगजनी की ऐसी ही 2 अन्य घटनाओं में भी शामिल था। जांचकर्ताओं ने पाया कि आगजनी की घटनाओं के वीडियो टेलीग्राम के जरिए एक अज्ञात व्यक्ति को भेजे गए थे, जिसके पॉल का आका होने का संदेह है। सूत्रों ने बताया कि पॉल को कथित तौर पर क्रिप्टोकरेंसी और एकीकृत भुगतान प्रणाली (UPI) के जरिए धन भेजा गया था।

NIA एबिन पॉल के आतंकवादियों से संभावित संबंधों की जांच कर रही है, क्योंकि वह विभिन्न सोशल मीडिया ऐप के जरिए संदिग्ध आकाओं के संपर्क में था। अधिकारियों ने बताया कि पॉल अक्सर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बारे में ऑनलाइन जानकारी तलाशता था और उसने टेलीग्राम पर ऐसे संदेशों का आदान-प्रदान किया था, जिनमें बिश्नोई का जिक्र था। त्रिशूर पुलिस ने जिन 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, उन्होंने भी टेलीग्राम पर अपने संदेशों में बिश्नोई का कथित तौर पर जिक्र किया था। सूत्रों ने बताया कि दोनों पर मुंबई में फिल्मी सितारों और यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी करने तथा अपने आकाओं को तस्वीरें भेजने का संदेह है। अधिकारियों ने बताया कि केरलम पुलिस ने त्रिशूर में दर्ज मामले को भी आगे की जांच के लिए NIA को सौंपने का फैसला किया है।

SCROLL FOR NEXT