सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा में आरती कॉटन मिल के श्रमिकों का धरना

पूजा से पहले बकाया वेतन और बोनस की मांग,कोरोना काल से झेल रहे आधा वेतन

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा के मुहाने पर खड़े दासनगर स्थित 'आरती कॉटन मिल' के करीब 400 श्रमिकों का सब्र टूट गया है। बकाया वेतन और पूजा बोनस की मांग को लेकर गुरुवार को श्रमिकों ने कारखाने के मुख्य गेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। नेशनल टेक्सटाइल कॉरपोरेशन (एनटीसी) के अधीन संचालित इस मिल में लंबे समय से उत्पादन बंद है। श्रमिकों का आरोप है कि कोरोना महामारी के बाद से उन्हें आधा वेतन दिया जा रहा था, लेकिन पिछले एक साल से वह भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है। त्योहार के समय वेतन और बोनस न मिलने से श्रमिक परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह को लिखा पत्र

अपनी मांगों को लेकर श्रमिक कारखाना प्रबंधन से लेकर केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय तक गुहार लगा चुके हैं। एनटीपीसी कैजुअल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष विभास हाजरा ने इस मामले में राज्य सरकार से हस्तक्षेप की अपील की थी। इसके बाद पश्चिम बंगाल के उद्योग मंत्री तापस रॉय ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह को पत्र भेजकर श्रमिकों के बकाया वेतन और बोनस भुगतान के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया है। अब भुखमरी की कगार पर पहुंचे श्रमिकों की निगाहें पूजा से पहले केंद्र सरकार से मिलने वाली राहत पर टिकी हैं।

SCROLL FOR NEXT