मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी लामबंदी के बीच तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी मंगलवार को दिल्ली रवाना हो सकती हैं। बुधवार को कंस्टीट्यूशन क्लब में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के साथ ही कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से उनकी संभावित मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हैं।
कालीघाट सूत्रों के मुताबिक, ममता चाहती हैं कि इस मुलाकात में राहुल गांधी भी मौजूद रहें। ममता और सोनिया के बीच पहले से ही सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। जून में भी इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। ऐसे में इस बार की संभावित बातचीत को महज शिष्टाचार मुलाकात के बजाय विपक्षी समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इससे इंडिया गठबंधन की भावी कार्यदिशा और कांग्रेस के साथ तृणमूल के संवाद को नयी दिशा मिलने की संभावनाओं पर चर्चा तेज है। हालांकि, ममता के करीबी माने जाने वाले समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की 30 सितंबर की बैठक से अनुपस्थिति इस तस्वीर का दूसरा पहलू है।
पूर्व निर्धारित राजनीतिक कार्यक्रमों का हवाला देते हुए अखिलेश ने बैठक से दूर रहने की सूचना दी है। उनकी जगह सपा की ओर से एक वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल होंगे। ऐसे में ममता-सोनिया-राहुल संवाद और अखिलेश की गैरमौजूदगी को साथ रखकर देखा जा रहा है।
ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के मुद्दे पर साझा रणनीति के साथ-साथ क्षेत्रीय दलों और कांग्रेस के बीच तालमेल का सवाल भी बैठक की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण रहेगा।