सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

यूट्यूब देख 'स्नेक मैन' बनने की कोशिश पड़ी भारी , कोबरा ने युवक को डंसा

हाथ में सांप लिए अस्पताल पहुंचने से मचा हड़कंप

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बनगांव : आज के दौर में सोशल मीडिया और यूट्यूब पर वीडियो देखकर स्टंट करना जानलेवा साबित हो रहा है। उत्तर 24 परगना जिले के बोनगांव में एक ऐसी ही दुस्साहसिक घटना सामने आई है, जहाँ यूट्यूब पर सांप पकड़ने के तरीके देख एक युवक ने बिना किसी प्रशिक्षण के जहरीले कोबरा को पकड़ने की कोशिश की। परिणाम यह हुआ कि सांप ने उसे डस लिया।

खाल हाथ पकड़ा जहरीला कोबरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोनगांव थाना क्षेत्र के देवगढ़ निवासी तापस बैरागी ने शनिवार रात अपने पड़ोसी अजय विश्वास के घर में जाल में फंसे एक जहरीले सांप को देखा। रविवार सुबह जब भीड़ जमा हुई, तो तापस ने अति उत्साह में आकर बिना किसी सुरक्षा उपकरण या अनुभव के खाली हाथ सांप को पकड़ लिया। ग्रामीणों का दावा है कि तापस ने केवल यूट्यूब वीडियो के आधार पर यह जोखिम उठाया था।

अस्पताल में बोरी बंद सांप देख उड़े डॉक्टरों के होश

जैसे ही तापस सांप को बोरी में बंद करने लगा, कोबरा ने उसे डस लिया। लहूलुहान हालत में तापस डरे बिना उसी बोरी बंद सांप को लेकर सीधे बोनगांव अस्पताल पहुंच गया। जब उसने डॉक्टरों को बताया कि बोरी में जहरीला कोबरा है, तो अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और डॉक्टर भी सहम गए। आनन-फानन में सर्प विशेषज्ञ बप्पा साहा को बुलाया गया, जिन्होंने अस्पताल पहुंचकर सांप को अपने कब्जे में लिया।

विशेषज्ञों का कहना है कि बिना प्रशिक्षण के सांप पकड़ना मौत को दावत देने जैसा है। फिलहाल तापस की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

SCROLL FOR NEXT