सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

बैरकपुर में भाजपा नेता का वीडियो वायरल !

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर: बैरकपुर सांगठनिक जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संदीप बनर्जी का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल में आग की तरह फैल गया है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल मच गई है। वायरल वीडियो (जिसकी सत्यता की पुष्टि 'सन्मार्ग' नहीं करता) में कमरे का नजारा आपत्तिजनक बताया जा रहा है। वीडियो में कथित तौर पर कमरे के फर्श पर और टेबल के नीचे शराब की बोतलें बिखरी हुई दिखाई दे रही हैं। टेबल पर भोजन के अवशेष और सिगरेट के पैकेट पड़े हैं, जबकि भाजपा नेता संदीप बनर्जी बिस्तर पर सिर रखकर गहरी नींद में सो रहे हैं। उनके ठीक सामने वाली कुर्सी पर उनका एक सहयोगी भी निद्रावस्था में नजर आ रहा है।

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला

इस वीडियो के सामने आते ही सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। जगतदल से तृणमूल विधायक सोमनाथ श्याम ने इस घटना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं का चरित्र अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जनसेवा के बजाय नशे और अनैतिक गतिविधियों में डूबे रहते हैं। विधायक ने भाजपा के ही एक पुराने दिग्गज नेता के कथन को उद्धृत करते हुए कहा कि यह दल अब 'मद और कामिनी-कांचन' (मदिरा और विलास) के मोह में पूरी तरह फंस चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता नशे की हालत में इस कदर बदहवास पड़े हैं, वे जनता की समस्याओं का समाधान क्या करेंगे?

भाजपा संगठन का आरोप- यह तृणमूल कांग्रेस की एक सोची-समझी साजिश

दूसरी ओर, इस वायरल वीडियो ने भाजपा के भीतर मचे आंतरिक कलह की ओर भी इशारा किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नेता के निजी पलों का इस तरह सार्वजनिक होना दल के भीतर की गुटबाजी का परिणाम हो सकता है। हालांकि, विवाद बढ़ता देख वर्तमान जिला भाजपा अध्यक्ष तापस घोष अपने पूर्व सहयोगी के बचाव में उतर आए हैं। उन्होंने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे तृणमूल कांग्रेस की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। घोष का दावा है कि नैহাटी के एक तृणमूल पार्षद ने अपने आईटी सेल के माध्यम से 'एआई' (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का उपयोग कर यह फर्जी वीडियो तैयार करवाया है ताकि चुनाव से पहले भाजपा की छवि को धूमिल किया जा सके। फिलहाल, इस वीडियो को लेकर गंगा के तटवर्ती इस औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

SCROLL FOR NEXT