टॉप न्यूज़

स्कूली छात्रों में वित्तीय जागरूकता की अनोखी पहल

कक्षा 6 से 10 तक छात्रों को वित्तीय शिक्षा मिलेगी

Munmun Thakur

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष वित्तीय जागरूकता पाठ्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत हर शनिवार के आखिरी दो पीरियड ''आनंद परिसर'' के रूप में तय किए गए हैं। RBI, SEBI, IRDAI और PFRDA जैसी प्रमुख नियामक संस्थाओं के सहयोग से तैयार इन किताबों को कहानियों के जरिए रोचक बनाया गया है, जिससे बच्चों को ''क्रेडिट-डेबिट'' कार्ड और जरूरी नैतिक सबक आसानी से समझ आ सकें। इन कक्षाओं की PDF किताबें जिला शिक्षा अधिकारियों को भेज दी गई हैं।

बजट और बचत की मिलेगी जानकारी

इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को वित्तीय रूप से सक्षम बनाना है। इसमें बजट, आय-व्यय संतुलन, बचत और टैक्स के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। छात्रों को UPI, QR कोड और OTP के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे ऑनलाइन धोखाधड़ी से बच सकें और अनजान लिंक या अजनबियों से सतर्क रहें। इसके अलावा, कक्षा छह के पाठ्यक्रम में वस्तु-विनिमय प्रणाली का इतिहास, पैसे का विकास, बिल-रसीद की समझ और व्यापार के लाभों जैसी बुनियादी अवधारणाओं को बहुत ही सरल तरीके से शामिल किया गया है।

SCROLL FOR NEXT