टॉप न्यूज़

मां ने सीने से चिपकाकर बचाना चाहा, ऐसी घटना जिसे देख टूट गए मंत्री

बर्गी डैम बोट हादसे में दर्दनाक मंजर; 9 की मौत, कई लापता, चश्मदीद बोले—“पलभर में सब खत्म हो गया”

नर्मदा नदी में बर्गी डैम के पास हुए भीषण नाव हादसे ने दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने रख दी। गुरुवार को पलटी क्रूज़ बोट में सवार एक मां और उसके चार साल के बेटे के शव शुक्रवार सुबह बरामद हुए। बताया जा रहा है कि मां ने आखिरी वक्त तक बच्चे को सीने से चिपकाकर बचाने की कोशिश की।

यह परिवार दिल्ली से घूमने आया था। हादसे में पिता और बेटी किसी तरह बच निकले, लेकिन मां और बेटे की मौत हो गई। अब तक इस हादसे में 9 लोगों की जान जा चुकी है।

“पलभर में सब आंखों के सामने गायब हो गए”
हादसे के चश्मदीद सैयद रियाज हुसैन ने बताया कि मौसम अचानक खराब हुआ और तेज तूफान चलने लगा।
“नाव असंतुलित हो गई और कुछ ही पलों में पानी भरने लगा। किसी को समझ ही नहीं आया क्या हो रहा है। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई थी,” उन्होंने कहा।

उन्होंने बताया, “मैं खुद भी डूब रहा था। लगा अब बचना मुश्किल है। लेकिन एक चमत्कार हुआ। मैं ऐसी जगह फंस गया जहां सिर्फ सिर पानी के ऊपर था। करीब दो घंटे तक वहीं फंसा रहा। मेरे सामने लाशें बहती दिख रही थीं। आखिरकार रेस्क्यू टीम ने मुझे देख लिया और बचा लिया।”

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अधिकारियों के मुताबिक अब तक 24 लोगों को बचाया जा चुका है, जिनमें से 17 अस्पताल में भर्ती हैं। 5 बच्चों समेत 9 लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें हुसैन का परिवार भी शामिल है।

स्थानीय प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

कैप्टन बचा, सवाल खड़े
हैरानी की बात यह है कि क्रूज़ के कैप्टन महेश पटेल लाइफ जैकेट पहने हुए थे और सुरक्षित बच निकले, जिससे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT