सन्मार्ग संवाददाता
कालियागंज : इटाहार थानांतर्गत जोयहाट क्षेत्र के सोनाडांगी गांव इलाके में एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना शनिवार की सुबह की है। मृतक का नाम सुब्रत देबनाथ उर्फ पापोन (30) है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक शनिवार को सुब्रत के घर से कुछ ही दूरी पर श्रीमती नदी के पास रक्तरंजित अवस्था में शव पड़ा मिला। यह देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर इटाहार थाने के आईसी सुकुमार घोष समेत बड़ी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रायगंज जिला अस्पताल भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक मृतक होम ट्यूटर, एलआईसी और एक ठेकेदार कंपनी के लिए सुपरवाइजर के रूप में काम करता था। हालांकि वह सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़ा है, लेकिन क्षेत्र में उसे एक अच्छे इंसान के रूप में जाना जाता है। मृतक के रिश्तेदारों और परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें हत्या का कारण समझ में नहीं आया है और उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा दिलाने की मांग की। क्षेत्र के निवासी और जॉयहाट पंचायत के तृणमूल कांग्रेस के प्रधान रफीक उद्दीन शेख ने कहा कि मेरे क्षेत्र में एक व्यक्ति की अस्वाभाविक मौत के लिए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। शिकायत के आधार पर इटाहार पुलिस स्टेशन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।