कपिल मुनि मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु 
टॉप न्यूज़

माघी पूर्णिमा पर गंगासागर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

राम बालक ,सन्मार्ग संवाददाता

गंगासागर : रविवार को माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगासागर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में तीर्थ यात्री गंगासागर पहुंचे और गंगा व सागर के संगम में पुण्य व आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद कपिल मुनि मंदिर में पूजा अर्चना किए।पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। माघी पूर्णिमा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सागर तट से लेकर आवास स्थलों तक पुलिस, सिविल डिफेंस और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी। श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी को असुविधा न हो। सागर में किसी भी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई, जिससे प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। गंगासागर मेला समाप्त होने के बाद भी माघी पूर्णिमा के दिन श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा देखने को मिला। प्रशासन द्वारा किए गए बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के कारण तीर्थ यात्री पुण्य स्नान के बाद सुरक्षित अपने-अपने घरों को लौटे। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के दिन गंगासागर में स्नान करने से सभी पाप नष्ट होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु दूर-दूर से यहां पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा घेरे कड़े कर दिए थे। सिविल डिफेंस के जवानों के साथ-साथ लगभग सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। तीर्थ यात्रियों में उत्साह देखा गया।

SCROLL FOR NEXT