फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

आरोपी की गिरफ्तारी पर थाने में जोरदार हंगामा, पुलिस का लाठीचार्ज

महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और तनाव

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले के शासन थाना क्षेत्र में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब पुलिस द्वारा एक पुराने मामले के आरोपी को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों और परिजनों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को अंततः लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

पूरा विवाद बारासात 2 नंबर ब्लॉक के दादपुर पंचायत के पाकदह गांव के निवासी मइनुद्दीन की गिरफ्तारी से जुड़ा है। करीब दो महीने पहले मइनुद्दीन पर इलाके में बमबाजी करने और भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखने का आरोप लगा था। इस संबंध में शासन थाने में मामला दर्ज किया गया था, जो फिलहाल बारासात अदालत में विचाराधीन है।

परिजनों का दावा है कि मइनुद्दीन इसी मामले में अदालत में हाजिरी देने जा रहा था। तभी पाकदह के दासपाड़ा इलाके के पास से शासन थाने की पुलिस ने उसे बीच रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों का आरोप और पुलिस की कार्रवाई

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सुबह करीब 9:30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, शासन थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने गिरफ्तारी का कोई ठोस कारण नहीं बताया और जब उन्होंने सवाल किए, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। मइनुद्दीन की रिश्तेदार जहानारा बीबी ने कहा, "वह कानून का पालन करते हुए अदालत जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे गलत तरीके से पकड़ा। जब हमने थाने में कारण पूछा, तो हमें बाहर निकाल दिया गया।"

वहीं एक अन्य परिजन नासिरुद्दीन ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पुलिस ने महिलाओं तक को नहीं बख्शा और उन पर लाठियां भांजीं। लगभग दो घंटे तक चले इस हंगामे के कारण थाना परिसर युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया था।

पुलिस का पक्ष और नई गिरफ्तारी

हालात को बेकाबू होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस के काम में बाधा डालने और थाने पर धावा बोलने के आरोप में पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति अलाउद्दीन (41) को भी गिरफ्तार कर लिया है। बारासात पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्बार बंद्योपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

SCROLL FOR NEXT