मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : पांचला थाना क्षेत्र में डीजे बजाकर नाचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक का नाम फारुक शेख (38) है, जो साहापुर ग्राम पंचायत के खां पाड़ा इलाके का निवासी था। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम को फारुक के परिवार के कुछ सदस्य नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ युवक-युवतियां डीजे पर तेज आवाज में गाना बजाकर नाच रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी और फिर हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने फारुक के परिवार पर हमला कर दिया। जब फारुक उन्हें बचाने पहुंचे, तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें उलुबेरिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी। इलाके में लगातार तेज आवाज में डीजे बजाकर कार्यक्रम किया जा रहा था, जिस पर कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई थी। फारुक भी उनमें शामिल थे। आरोप है कि इसके बाद से ही उन्हें निशाना बनाकर लगातार अपशब्द कहे जा रहे थे। गुरुवार शाम को यही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें फारुक की जान चली गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।