सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

मूक-बधिर युवक को बेरहमी से पीटा, गर्म पानी और तेजाब डालने का आरोप !

इलाके में भारी तनाव, न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम, पुलिस ने तैनात किया रैफ (RAF)

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

पानीहाटी: पानीहाटी के घोला थाना अंतर्गत नमाजपाड़ा इलाके में एक मूक-बधिर (दिव्यांग) युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी तनाव व्याप्त हो गया है। मृतक की पहचान आशिक मंडल के रूप में हुई है। आरोप है कि एक स्थानीय परिवार ने युवक पर नृशंस हमला किया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना के बाद से ही पूरे 35 नंबर वार्ड में आक्रोश की लहर है और आरोपी परिवार फरार बताया जा रहा है।

परिवार और स्थानीय लोगों के गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने बच्चू बरुआ और उसके परिवार पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई शिकायतों के अनुसार आरोप है कि बच्चू बरुआ और उसके परिजनों ने दिव्यांग आशिक मंडल को बिना किसी कारण के बेरहमी से पीटा आरोप यह भी है कि पिटाई के दौरान युवक के शरीर पर खौलता हुआ गर्म पानी डाल दिया गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हमलावरों ने जबरन आशिक को एसिड (तेजाब) पिला दिया, जिससे उसकी आंतरिक स्थिति अत्यंत नाजुक हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, इलाके में फूटा गुस्सा

इस बर्बरता के बाद आशिक की तबीयत बिगड़ती चली गई और वह पूरी तरह शय्याशायी हो गया। उसे इलाज के लिए सागर दत्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां लंबी जद्दोजहद के बाद उसकी मृत्यु हो गई। जैसे ही मौत की खबर इलाके में पहुँची, लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिसिया कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

स्थिति को बिगड़ता देख घोला थाना की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए रैफ (RAF) के जवानों को तैनात करना पड़ा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी बच्चू बरुआ और उसके परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक को एसिड पिलाया गया था या नहीं। फिलहाल, पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वे और भी बड़ा आंदोलन करेंगे।

SCROLL FOR NEXT