सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

एक साल में 9 बलि, लोगों ने किया पुलिस व प्रधान का घेराव

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बशीरहाट : बशीरहाट के बादुड़िया अंतर्गत मसलंदपुर-बशीरहाट रोड का हुगली टालिकारखाना मोड़ इन दिनों 'डेथ ट्रैप' यानी मौत का जाल बन गया है। पिछले एक साल के भीतर इसी एक स्थान पर सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की नींद अब तक नहीं खुली है। शुक्रवार को हुई एक और हृदयविदारक मौत ने स्थानीय निवासियों के सब्र का बांध तोड़ दिया, जिसके बाद शनिवार को पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

क्या है घटना?

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को नारकेलबेड़िया निवासी अल्ताब मंडल (48) बाजार जा रहे थे, तभी टालिकारखाना मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही अल्ताब का शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मसलंदपुर-बशीरहाट रोड जाम कर दिया।

प्रशासनिक उदासीनता पर आक्रोश

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने बार-बार इस मोड़ पर 'स्पीड ब्रेकर' और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने हर बार केवल खोखले आश्वासन दिए। शनिवार को जब रामचन्द्रपुर पंचायत के प्रधान और बादुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो उत्तेजित भीड़ ने उन्हें घेरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घंटों चले इस बवाल के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अंततः वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप और ठोस कार्रवाई के भरोसे के बाद जाम खुला। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गति अवरोधक नहीं बने, तो वे और भी बड़ा आंदोलन करेंगे।

SCROLL FOR NEXT