सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

ग्रुप डी परीक्षा में 'हाईटेक' नकल !

शांतिपुर में चाइना मोबाइल के साथ 7 परीक्षार्थी गिरफ्तार, नकेल कसने में जुटी पुलिस

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : सरकारी नौकरी की परीक्षाओं में शुचिता बनाए रखने के प्रशासनिक दावों के बीच नदिया जिले के शांतिपुर में नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को राज्यव्यापी 'ग्रुप डी' परीक्षा के दौरान अत्याधुनिक चाइना मोबाइल का उपयोग कर नकल करने के आरोप में पुलिस ने सात परीक्षार्थियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सोमवार को सभी आरोपियों को रानाघाट महकुमा अदालत में पेश किया गया।

चाइना मोबाइल और चालाकी धरी रह गई

मिली जानकारी के अनुसार, शांतिपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने देखा कि कुछ छात्र मोबाइल के जरिए उत्तर देख रहे हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से उन्नत किस्म के छोटे चाइना मोबाइल फोन बरामद हुए। तुरंत इसकी सूचना शांतिपुर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सात छात्रों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

हांसखाली के रहने वाले हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार परीक्षार्थियों की पहचान विक्टर राय, सुमंत विश्वास, विजय विश्वास, देवजीत सिंह राय और राजू विश्वास सहित अन्य के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी नदिया के ही हंसखाली थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से नकल के लिए इस्तेमाल किए गए सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाओं में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के पीछे सक्रिय किसी बड़े गिरोह की भी तलाश की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT