फाइल फोटो  
टॉप न्यूज़

50वें अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले की तारीखों का हुआ ऐलान

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : 50वां अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला 22 जनवरी 2027 से शुरू होकर 3 फरवरी तक चलेगा। स्वर्ण जयंती वर्ष होने के कारण इस बार का मेला ऐतिहासिक और बेहद खास होने जा रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा गठित 24 सदस्यीय विशेष समिति, 'पब्लिशर्स एंड बुक सेलर्स गिल्ड', 'ईज़ेडसीसी' और 'नेशनल बुक ट्रस्ट' के संयुक्त तत्वावधान में इस विशाल आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पारदर्शी और आधुनिक तरीके से होगा स्टॉल का आवंटन

विगत वर्षों में स्टॉल आवंटन को लेकर उठने वाले विवादों को खत्म करने के लिए इस बार ऑटोमेशन और आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करते हुए सभी प्रकाशक डिजिटल माध्यम से स्टॉल के लिए आवेदन कर सकेंगे। मेले के संभावित 'थीम कंट्री' के रूप में इजराइल के नाम पर विचार किया जा रहा है। यदि सरकारी मंजूरी नहीं मिलती है, तो 'वंदे मातरम' के 150वें वर्ष को मुख्य थीम बनाया जाएगा।

बांग्लादेशी स्टॉल और भारतीयता के रंग पर सस्पेंस जारी

मेले में बांग्लादेशी पैविलियन को लेकर असमंजस बना हुआ है। विगत दो वर्षों की तरह इस बार भी समिति और स्थानीय प्रकाशकों के बीच बांग्लादेशी स्टॉलों को लेकर आपत्तियां देखी गई हैं। विदेश और गृह मंत्रालय से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही उनके भाग लेने पर अंतिम फैसला होगा। वहीं, सभी वर्गों के प्रकाशकों को अवसर प्रदान करने और मेले में भारतीय संस्कृति की स्पष्ट छाप दर्शाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT