टॉप न्यूज़

500 किलो चावल और 56 प्रकार के भोग से बना महाप्रसाद

KD Parth

कमरहट्टी जगन्नाथ मंदिर में

पुरी की परंपरा के अनुसार हुई पूजा

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया-कमरहट्टी के रथतला स्थित जगन्नाथ मंदिर में सोमवार को पारंपरिक श्रद्धा और धूमधाम के साथ अन्नकूट पूजा का आयोजन किया गया। पुरी की परंपरा के अनुरूप आयोजित इस विशेष पूजा में करीब 500 किलो चावल और 56 प्रकार के भोग से भगवान जगन्नाथ के लिए महाप्रसाद तैयार किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और महाप्रभु के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के कर्णधार एवं पूर्व पार्षद सोमनाथ राय चौधरी ने बताया कि सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार हर वर्ष अन्नकूट पूजा का आयोजन किया जाता है। इस बार भी श्रद्धालुओं ने बड़ी मात्रा में सब्जियां और अन्य पूजन सामग्री दान की। इन्हीं सामग्रियों से भगवान जगन्नाथ के लिए महाप्रसाद तैयार किया गया। उन्होंने बताया कि मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने की विशेष व्यवस्था की गई थी।

मदन मित्र की गैरमौजूदगी रही चर्चा में

हर वर्ष रथतला जगन्नाथ मंदिर की पूजा में कमरहट्टी के विधायक मदन मित्र की सक्रिय मौजूदगी रहती थी। पारंपरिक लाल किनारी वाली धोती पहनकर उनकी पूजा-अर्चना करना भी आयोजन का हिस्सा रहा है। हालांकि, इस बार उनकी गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। इस संबंध में सोमनाथ राय चौधरी ने कहा कि मदन मित्र को मंदिर आने का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन अस्वस्थता के कारण वह इस बार उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी अनुपस्थिति का कोई राजनीतिक कारण नहीं है।

सभी के लिए खुले हैं मंदिर के दरवाजे

सोमनाथ राय चौधरी ने कहा कि सरकारें बदल सकती हैं, लेकिन मंदिर की परंपरा और आस्था नहीं बदलती। मंदिर में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता। महाप्रभु के दरबार में सभी का स्वागत है। उन्होंने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बैठने और प्रसाद ग्रहण करने की समुचित व्यवस्था की गई है।
SCROLL FOR NEXT