सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि राज्य के सीमावर्ती जिलों में स्थापित हिरासत केंद्रों से लगभग 4,800 अवैध अप्रवासियों को बांग्लादेश भेजा गया है और लगभग 836 लोग इन केंद्रों से प्रत्यर्पण की प्रतीक्षा में हैं। सीएम ने जोर देकर कहा कि अवैध अप्रवासन एक बड़ी समस्या है और उनकी सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक 556 किलोमीटर बाड़ में से लगभग 100 किलोमीटर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन सौंप दी है। उन्होंने कहा कि जमीन सौंपने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी और देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। भाजपा के विशेष प्रशिक्षण शिविर की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, बाड़ लगाने के लिए आवश्यक 556 किलोमीटर भूमि में से हमने बीएसएफ को लगभग 100 किलोमीटर भूमि सौंप दी है और उत्तर बंगाल में चिकन नेक कॉरिडोर को प्राथमिकता दी है।