टॉप न्यूज़

33 उद्योगों को मिलेगी जमीन

बंगाल में निवेश पर सरकार का फोकस

sabita

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि नई सरकार के गठन के महज चार महीनों में राज्य में कई उद्योगों ने निवेश की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले आठ महीनों में और भी कई बड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू होगा तथा देशभर के उद्योगपति पश्चिम बंगाल में निवेश के लिए रुचि दिखाएंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार करीब 33 उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा से पहले एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बंगाल के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों और कारोबारियों को आमंत्रित किया जाएगा।

मुंबई में मुकेश अंबानी से मिलेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश आकर्षित करने के प्रयासों के तहत वे मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास में बड़े कॉरपोरेट समूहों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने उन्हें फोन कर परिवार के गणेश पूजा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

निवेश प्रस्तावों की जांच

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए सरकार केवल निवेश प्रस्ताव मिलने के आधार पर परियोजनाओं को मंजूरी नहीं दे रही है। संबंधित उद्योग समूह की वित्तीय स्थिति, विश्वसनीयता और कानूनी रिकॉर्ड की पूरी तरह जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित कंपनी किसी बैंक धोखाधड़ी या अन्य कानूनी विवाद में तो शामिल नहीं है। सरकार का उद्देश्य केवल निवेश की घोषणा कराना या फोटों खिंचाना नहीं बल्कि परियोजनाओं को वास्तव में जमीन पर उतारना है।

सिंडिकेट और कटमनी से खराब हुआ कारोबारी माहौल : सीएम

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर सिंडिकेट और कटमनी जैसी गतिविधियों के कारण राज्य का कारोबारी माहौल खराब हुआ था। नई सरकार राज्य में बिजनेस-फ्रेंडली और इंडस्ट्री-फ्रेंडली माहौल तैयार करना चाहती है। मुख्यमंत्री ने कहा, “इसी वजह से मैं इस कार्यक्रम में आया हूं।”

SCROLL FOR NEXT