टॉप न्यूज़

दक्षिण कोलकाता के एक स्कूल के 33 छात्राएं अचानक बीमार

छात्राओं में एंग्जायटी के दिखे लक्षण

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : देशबंधु पार्क स्थित 'पार्क इंस्टीट्यूशन फॉर गर्ल्स' की करीब 33 छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं। जानकारी के मुताबिक सोमवार को 26 छात्राओं को आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और अगले दिन मंगलवार को 7 और छात्राओं को अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा। हालांकि, स्थिति में सुधार होने पर करीब 16 छात्राओं को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई।

यह कहा स्कूल के प्रिंसिपल ने

अस्पताल में भर्ती छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने के पीछे मिड डे मील के भोजन को कथित वजह बताया गया है, हालांकि स्कूल की प्रिंसिपल आलोकानंदा मजुमदार ने बताया कि मिड डे मील अन्य बच्चों ने भी खाया था, जिनमें किसी तरह की कोई शारीरिक परेशानी की शिकायत सामने नहीं आई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक बीमार बच्चियों में फूड पॉइजनिंग के सामान्य लक्षण जैसे उल्टी या पेट दर्द नहीं देखे गए हैं, बल्कि उनमें अत्यधिक घबराहट और बेचैनी के लक्षण चिन्हित किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने आरजी कर अस्पताल का किया दौरा

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने सोमवार की रात आरजी कर अस्पताल का दौरा किया और वहां मौजूद पीडियाट्रिक स्पेशलिस्ट और मेडिकल टीम से पूरी स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल एक विशेष डॉक्टरों की टीम बच्चों के इलाज में सक्रिय है। डॉक्टरों की देखरेख में सभी प्रभावित छात्राओं की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

SCROLL FOR NEXT