टॉप न्यूज़

HS परीक्षा में पकड़े गए 3 छात्र, परीक्षा रद्द

मोबाइल से नकल करते पकड़े गए छात्र

Munmun Thakur

चौथे सेमेस्टर के साथ दे सकेंगे छूटी हुई परीक्षा

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हायर सेकेंडरी परीक्षा के दूसरे दिन सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई, जब दूसरी भाषा के पेपर के दौरान मोबाइल फोन के साथ 3 छात्र पकड़े गए। पश्चिम बंगाल उच्च शिक्षा परिषद के अनुसार, मुर्शिदाबाद से 2 और नदिया से 1 छात्र को मोबाइल के साथ पकड़ा गया, जिसके चलते उनके तीसरे सेमेस्टर की सभी परीक्षा तुरंत रद्द कर दी गई। इससे पहले फर्स्ट लैंग्वेज के एग्जाम के दौरान भी 1 छात्र के पास से मोबाइल मिलने पर उसका भी एग्जाम रद्द किया जा चुका है। इस घटना के बाद परिषद इस बात की गंभीरता से जांच कर रही है कि प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से सख्त चेकिंग होने के बावजूद ये छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा हॉल के अंदर कैसे घुसने में कामयाब रहे।

नहीं बर्बाद होगा छात्रों का एक साल

इस साल तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में कुल 7,18,620 छात्र हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 3,15,731 लड़के और 4,02,889 लड़कियां शामिल हैं। यह पूरी परीक्षा राज्य भर के कुल 2,105 स्थानों और 825 मुख्य केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जहां हर 20 परीक्षार्थियों पर नजर रखने के लिए प्रत्येक कमरे में दो इनविजिलेटर तैनात किए गए हैं। हालांकि परीक्षा कुल मिलाकर शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से चल रही है, लेकिन नकल रोकने के पुख्ता इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि जब ये चारों छात्र चौथे सेमेस्टर की परीक्षा देंगे, तो वे सप्लीमेंट्री के रूप में उसी समय तीसरे सेमेस्टर की छूटी हुई परीक्षा भी दे सकेंगे, जिससे उनका कीमती एक साल बर्बाद होने से बच जाएगा।

SCROLL FOR NEXT