सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में नशा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। हासनाबाद थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात मोहनपुर इलाके में एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान उस गाड़ी से 27 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने तीन अभियुक्तों — बबलू मोल्ला, सुब्रत मंडल और सैम कयाल — को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों से पूछताछ के बाद हुआ खुलासा पूछताछ के दौरान इन तस्करों ने जो खुलासा किया, उससे पुलिस भी हैरान रह गई। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने जीवनतल्ला में स्थित एक दवा दुकान पर छापा मारा। वहां दुकान के सामने दवाइयों की आड़ में पीछे भारी मात्रा में गांजा छुपा कर रखा गया था। पुलिस ने वहां से 178 किलो गांजा और जब्त किया। इस प्रकार पुलिस ने कुल मिलाकर 205 किलो गांजा बरामद किया है।
बांग्लादेश में थी गांजा की तस्करी की योजना
गिरफ्तार अभियुक्तों में से सैम कयाल और बबलू मोल्ला बशीरहाट के नैजाट इलाके के रहने वाले हैं, जबकि सुब्रत मंडल जीवनतल्ला का निवासी है। पुलिस का कहना है कि ये आरोपी गांजा सीमावर्ती क्षेत्रों में जमा कर रहे थे और इनका मकसद उसे बांग्लादेश में तस्करी करना था।
गांजा की इस खेप को दवा दुकान जैसे मासूम दिखने वाले स्थान से छुपाकर रखना, पुलिस के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। यह मामला दर्शाता है कि अब तस्कर मेडिकल प्रतिष्ठानों का भी उपयोग अवैध व्यापार के लिए कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।