नयी दिल्ली : इस साल दिवाली छठ और दुर्गा पूजा को मिलाकर पूरे त्योहारों के सीजन में करीब 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलायी जा रही हैं।
रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने यहां कहा कि रेलवे ने पिछले 10 साल के आंकड़ों का अध्ययन किया है। यह देखा गया है कि किन शहरों से त्योहारों के समय सबसे ज्यादा यात्री सफर करते हैं और किन शहरों में जाने की मांग सबसे ज्यादा रहती है। इसी डेटा के आधार पर योजना बनायी गयी है कि किस रूट पर कितनी ट्रेनें चलानी हैं और कहां अतिरिक्त ट्रेनें लगाने की जरूरत है।
यात्रियों के लिए बनाया गया है होल्डिंग एरिया
रेलमंत्री ने बताया कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रिजर्व टिकट वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा होल्डिंग एरिया बनाया गया है। पहले स्टेशन पर आने के लिए 6 अलग-अलग गेट थे।इसकी वजह से यात्रियों को कई बार कन्फ्यूजन होता था कि उन्हें किस गेट से जाना है। अब इन सभी व्यवस्थाओं को एक जगह किया गया है और यात्रियों के लिए बड़ा होल्डिंग एरिया बनाया गया है।
भीड़ कंट्रोल करने के उपाय
वैष्णव ने बताया कि अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलायी जा रही हैं। रेलवे कर्मचारियों की तैनाती बढ़ायी गयी है और होल्डिंग एरिया बनाये गये हैं। कोशिश है कि यात्रियों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े और वे कम से कम समय में अपनी ट्रेन तक पहुंच सकें। देश के कई बड़े रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह के होल्डिंग एरिया बनाये गये हैं।