नागपुरः महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में रविवार सुबह हुए धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह विस्फोट कटोल तहसील के राउलगांव स्थित खनन और औद्योगिक कार्यों के लिए विस्फोटक पदार्थ बनाने वाली कंपनी ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ के कारखाने में हुआ।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंची। एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने पीटीआई को बताया कि यह घटना कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में सुबह सात बजे से सवा सात बजे के बीच हुई। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और वे जल्द ही एक बयान जारी करेंगे।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद घायलों को नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला कलेक्टर विपिन इटांकर और पुलिस अधीक्षक हर्ष पोदार घटनास्थल पर मौजूद थे। यह घटना आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट के एक दिन बाद हुई है, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह नागपुर के राउलगांव में खनन और औद्योगिक विस्फोटक बनाने वाली कंपनी ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ के कारखाने में हुए विस्फोट में कम से कम 17 लोग मारे गए और 18 अन्य मजदूर घायल हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महाराष्ट्र के नागपुर में एक कारखाने में हुआ विस्फोट अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’