सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर सोसाइटी ने रविवार को एम. पी. बिड़ला आई क्लिनिक के सहयोग से अपना 12वां निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिविर प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चला, जिसमें कुल 105 लोगों ने नेत्र परीक्षण कराया। जांच के उपरांत लगभग 25 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु पंजीकरण किया गया तथा लगभग 60 लोगों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे। मोतियाबिंद की शल्य चिकित्सा एम. पी. बिड़ला आई क्लिनिक में की जाएगी। मरीजों को निःशुल्क इंट्राऑक्यूलर लेंस, दवाइयाँ, काले चश्मे तथा फॉलो-अप जाँच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सोसाइटी वर्ष 2009 से 2019 तक नियमित रूप से निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित करती रही। वर्ष 2020 में कोरोना वायरस महामारी के कारण शिविर आयोजित नहीं हो सका। लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद यह सेवा पुनः प्रारंभ की गई है। संस्था के मंदिर में श्री लक्ष्मीनारायण, श्री लक्ष्मीजी, श्री राम-सीता-लक्ष्मण, श्री हनुमानजी, श्री शंकर-पार्वती तथा श्री गणेशजी की नियमित पूजा-अर्चना होती है।