घटनास्थल की तस्वीर 
टॉप न्यूज़

ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 1 की मौत, 4 घायल

ओखला में वाहन से सिलेंडर उतारने के दौरान सड़क पर गिरा

धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने शुरू की जांच

नयी दिल्ली : दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला फेज-एक में बुधवार को व्यावसायिक ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा डी-23 स्थित ‘एसएम ट्रेडर्स’ के गोदाम के बाहर हुआ। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) और पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना पूर्वाह्न करीब 10 बजकर 43 मिनट पर मिली। प्रारंभिक जांच में एक ही ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने की बात सामने आई है।

सिलेंडर उतारने के दौरान हुआ विस्फोट

पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद से व्यावसायिक ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर एक वाहन गोदाम के बाहर पहुंचा था। वाहन से सिलेंडर उतारे जा रहे थे, तभी एक सिलेंडर नीचे सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसमें विस्फोट हो गया। धमाके के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस फिलहाल विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।

कर्मचारी की मौके पर मौत

हादसे में ‘एसएम ट्रेडर्स’ के कर्मचारी मोहित सिंह (35) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मोहित करीब तीन वर्षों से फर्म में काम कर रहा था। विस्फोट में उमेश, अरविंद, मनोज और पंकज घायल हुए हैं। चारों को तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और वहां जांच की जा रही है।

किराये के परिसर में चल रहा था कारोबार

पुलिस के अनुसार, ‘एसएम ट्रेडर्स’ पिछले करीब एक-दो वर्षों से किराये के परिसर में कारोबार कर रही है। फर्म स्थानीय स्तर पर औद्योगिक ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति करती है। प्रारंभिक जांच में परिसर के भीतर ऑक्सीजन भरने का कोई संयंत्र नहीं मिला है।

गाजियाबाद से आते हैं भरे हुए सिलेंडर

जांच में सामने आया है कि ऑक्सीजन से भरे सिलेंडर गाजियाबाद से लाए जाते हैं और स्थानीय कारोबारियों तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, विशेषकर ओखला क्षेत्र में, उनकी आपूर्ति की जाती है। पुलिस को रोजाना करीब 70 से 80 सिलेंडरों के आने-जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, इस संख्या की पुष्टि भंडारण रजिस्टर, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद ही होगी।

लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच

पुलिस सिलेंडरों के स्वामित्व, आपूर्ति के स्रोत और संबंधित आपूर्तिकर्ता की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही सिलेंडरों के भंडारण, रखरखाव और परिवहन के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमतियों की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि सिलेंडरों के रखरखाव और उन्हें उतारने की प्रक्रिया में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस ने कहा कि सिलेंडर में विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका अभी पता नहीं चल सका है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारण और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

SCROLL FOR NEXT