ticker

Indians Struck : यहां अचानक फंस गये हजारों भारतीय

नई दिल्ली : गर्मी की छुट्टियों में यूरोप घूमने गए देश के हजारों लोग इस वक्त इटली के अलग-अलग एयरपोर्ट पर फंसे हैं। दरअसल, इटली में एयरपोर्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों और पायलट ने हड़ताल कर दी है। इस हड़ताल की वजह से इटली के अलग-अलग एयरपोर्ट से दिल्ली आने वाली उड़ानों समेत फ्रैंकफर्ट होकर दिल्ली आने वाली उड़ानें निरस्त हो गई हैं।
नतीजतन दिल्ली समेत देश के अलग-अलग शहरों को आने वाले लोगों को एयरपोर्ट पर ही खुले में रातें बितानी पड़ रही है। यही नहीं एयरलाइंस की ओर से फ्लाइट रद्द या देरी की वजह से दिए जाने वाले हर्जाने की जगह किसी को पानी की बोतल देकर समझाया जा रहा है तो किसी को महज डेढ़ हजार रुपए (15 यूरो) ही वापस किए जा रहे हैं। इस आपाधापी के चलते भारत आने वाले हजारों यात्रियों की फ्लाइट या तो रद्द हो गई या कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई। फिलहाल इटली की हड़ताल से समूचे यूरोप की उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

हजारों उड़ानें रद्द, किसी की सीधी तो किसी की कनेक्टिंग फ्लाइट छूटी
दरअसल, बीते कुछ समय से इटली के अलग-अलग यातायात महकमें की हड़ताल शुरुआत हुई है। जानकारी के मुताबिक इटली रेलवे की हड़ताल के बाद एयरलाइंस के कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हुई। इसी हड़ताल के साथ यूरोप से दुनिया भर के अलग-अलग हिस्सों में जाने वाले लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ गया। दिल्ली के पटपड़गंज में रहने वाले मनीष अपने एक आधिकारिक टूर पर इटली गए थे। मनीष कहते हैं कि उनकी फ्लाइट वेनिस से फ्रैंकफर्ट के लिए थी और फ्रैंकफर्ट से दिल्ली के लिए। मनीष बताते हैं कि वह अपने दोस्तों के साथ वेनिस की फ्लाइट हड़ताल की वजह से नहीं ले सके। उन्होंने कहा, अब अगली फ्लाइट उनको कब मिलेगी इसके बारे में फिलहाल एयरलाइंस की ओर से कोई भी जानकारी नहीं दी जा रही है। इसी तरह दिल्ली के डॉक्टर आलोक प्रधान को फ्रैंकफर्ट से दिल्ली की फ्लाइट लेनी थी। वह कहते हैं कि फ्रैंकफर्ट में भी इटली से आने वाली फ्लाइट के कैंसिल होने का इतना दबाव था कि यहां से सीधी उड़ानों पर जबरदस्त तरीके से असर पड़ा। फिलहाल डॉक्टर आलोक को भारतीय समयानुसार रात 8 बजे की फ्लाइट दिल्ली के लिए मिली है।

SCROLL FOR NEXT