ticker

Ayodhya Diwali 2024: श्री राम जन्मभूमि में पहली दिवाली, अपने घरों से देखें लाइव

Riya Singh

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुधवार को 'दीपोत्सव-2024' में अयोध्या 28 लाख दीपों से जगमग होगी और इसके लिए तैयारियां चरम पर हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर 'सबका उत्सव-अयोध्या दीपोत्सव' नारे के साथ एक पोस्ट में कहा 'दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दीये लगाए जा रहे हैं। कलाकारों के लेजर, साउंड, ड्रोन शो का ट्रायल जारी है। अयोध्या में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या में दीपोत्सव-2024 का यह आठवां साल है। इसकी शुरुआत 2017 में उप्र में भाजपा सरकार बनने के बाद हुई। इसी वर्ष 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य नवनिर्मित मंदिर में भगवान श्री रामलला की प्रतिष्ठा की गयी।

विश्व कीर्तिमान की तैयारी

नवनिर्मित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पहली दीपावली के लिए भव्य और 'पर्यावरण के अनुकूल' तैयारियां चल रही हैं। मंदिर भवन के परिसर में विशेष मोम के दीपक जलाए जाएंगे, जो मंदिर भवन को दाग-धब्बों और कालिख से सुरक्षित रखेंगे और इनसे लम्बे वक्त तक रोशनी भी मिलेगी। मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। सरयू नदी के 55 घाटों पर 28 लाख दीये जलाए जाएंगे, जिसे विश्व कीर्तिमान के रूप में स्थापित किया जाएगा। इन दीयों को सजाने के लिए 30 हजार से ज्यादा स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं।

राममंदिर की सुरक्षा में दो सौ कमांडो तैनात

अयोध्या की सीमाएं मंगलवार को सील कर दी गयी हैं। वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजने की व्यवस्था 31 अक्टूबर की देर रात तक लागू रहेगी। एटीएस, एसटीएफ और सीआरपीएफ के दो सौ कमांडो राम मंदिर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा करेंगे।

लाइव प्रसारण होगा

राज्य के सूचना विभाग ने इस पूरे आयोजन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है।

SCROLL FOR NEXT