राज्य

दूसरे की जमीन पर बनाया पीएम आवास योजना का मकान, कटघरे में सिविक वॉलंटियर

पीड़ित परिवार ने एसडीओ और भूमि सुधार विभाग में की शिकायत प्रशासनिक भूमिका पर भी उठाए सवाल

Krishna Das Parth

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 में दूसरे की जमीन पर कथित रूप से कब्जा कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में बशीरहाट थाने के सिविक वॉलंटियर अनूप मंडल पर आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित परिवार का दावा है कि अनूप मंडल ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर स्थानीय निवासी एजमान मोल्ला की जमीन पर कब्जा किया और वहां आवास योजना का मकान बनाकर रहने लगे हैं।

आपत्ति के बावजूद निर्माण कराने का आरोप

पीड़ित परिवार के अनुसार, जमीन पर उनके मालिकाना हक के बावजूद उनकी आपत्ति को नजरअंदाज कर निर्माण कराया गया। बताया जाता है कि अनूप मंडल बशीरहाट अदालत के सिविल कोर्ट जूनियर डिवीजन में भी कार्यरत हैं। परिवार ने इस मामले में महकमा शासक (एसडीओ), बीएलएलआरओ और अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

आवास योजना की पात्रता पर उठाए सवाल

पीड़ित एजमान मोल्ला की बेटी ने आरोप लगाया कि विरोध के बावजूद सिविक वॉलंटियर ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर आवास योजना के तहत मकान बनवा लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जमीन के मालिकाना हक और योजना के नियमों की जांच किए बिना निर्माण की अनुमति कैसे दी गई। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पार्षद की प्रतिक्रिया नहीं मिली

परिवार का आरोप है कि यह मकान वार्ड नंबर 7 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद कौशिक दत्त के कार्यकाल में बना था। इस मामले में पार्षद से संपर्क करने पर उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। अब शिकायत के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, इस पर सबकी नजर है। हालांकि, जमीन पर कब्जे और आवास योजना में अनियमितता के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

SCROLL FOR NEXT